ग्रन्थों का ग्रन्थ, "सत्यार्थप्रकाश"

ग्रंथों का ग्रंथ, ‘सत्यार्थप्रकाश’


'कौशिक डेका' ने अंग्रेजी में 'बाबा रामदेव' पर जो किताब लिखी है, उसे मैंने अभी देखा नहीं है लेकिन उसके बारे में छपी खबरों में पढ़ा कि रामदेव जब किशोर ही थे, उन्हें ‘सत्यार्थ प्रकाश’ पढ़ने को मिला और उन पर उसका ऐसा प्रभाव हुआ कि वे अपना घर-बार और स्कूली पढ़ाई छोड़कर भाग खड़े हुए। गुरुकुल में भर्ती हो गए। संन्यास ले लिया और "महर्षि दयानंद सरस्वती" के सपनों की दुनिया खड़ी करने का संकल्प कर लिया। यह ‘सत्यार्थ प्रकाश’ क्या है? यह 14 अध्यायों की एक क्रांतिकारी पुस्तक है। इसके अध्यायों को दयानंद ने समुल्लास कहा है। पहले 10 अध्यायों में उन्होंने व्यक्ति, परिवार, राज्य और समाज को सुचारु रुप से संचालित करने की बहस चलाई है और शेष चार अध्यायों में उन्होंने विभिन्न देशी और विदेशी धर्मों और संप्रदायों की दो-टूक समीक्षा की है। इस ग्रंथ का बीसियों देशी और विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। इसके हजारों प्रतियों वाले सैकड़ों संस्करण हो चुके हैं और अब भी होते रहते हैं।

ग्रंथों की तुलना

इस ग्रंथ की तुलना विश्व के किस ग्रंथ से की जाए, यह बात मैं पिछले 60-65 साल से सोचता रहा हूं। मौलिकता, तर्क, पांडित्य और साहस — इन चार मानदंडों पर तोलें तो शंकराचार्य की ‘सौंदर्य लहरी’, प्लेटो के ‘रिपब्लिक’, अरस्तू के ‘स्टेट्समेन’, कौटिल्य के ‘अर्थशास्त्र’, मेकियावेली के ‘प्रिंस’, हाॅब्स के 'लेवियाथन’, हीगल का ‘फिनोमेनालाॅजी आॅफ स्पिरिट’, कार्ल मार्क्स की ‘दास केपिटल’ जैसे विश्व-प्रसिद्ध ग्रंथों के मुकाबले भी ‘सत्यार्थप्रकाश’ मुझे अलग और भारी लगता है। इस ग्रंथ ने भारत का भाग्य पलट दिया। 1875 में छपे इस ग्रंथ ने भारत में आजादी की अलख जगाई। 'स्वराज्य' की नींव रखी। बड़े-बड़े नेताओं और क्रांतिकारियों को जन्म दिया। "महर्षि दयानंद" को राष्ट्रपिता वा राष्ट्र पितामह कहे बिना आप कैसे रह सकते हैं? यदि दयानंद का ‘आर्य समाज’ नहीं होता तो अंग्रेज के दांत खट्टे कौन करता? कहाँ से आते लोकमान्य तिलक, लाला लाजपतराय, बिपिनचंद पाल, वीर सावरकर, स्यामजी कृष्ण वर्मा , भगत सिंह तथा रामप्रसाद विसमिल जैसे क्रान्तिकारी, भारत में जाति विहीन, समता मूलक, कर्मप्रधान समाज की कल्पना कबीर जैसे संतों ने तो की थी लेकिन स्वामी दयानंद सरस्वती जैसे ब्राह्मण कुलोत्पन्न किसी महापंडित ने कब की थी ? स्वामी दयानंद ने भारत में ऐसी पाखंड खंडिनी पताका फहराई थी कि दुनिया में आज तक वह फहरा रही है। कोई पंडित, मुल्ला-मौलवी, पादरी उसकी काट नहीं कर पाया। इसीलिए योगी अरबिंदो जैसे महान विचारक ने कहा है कि भारत के महान विद्वानों के बीच स्वामी दयानंद सरस्वती मुझे हिमालय के समान सर्वोपरि दिखाई पड़ते हैं। सुकरात, ईसा मसीह, ब्रूनो की तरह ही स्वामी दयानंद को भी अपने सिद्धांतों के कारण ही प्राण त्यागने पड़े लेकिन उनके अविर्भाव ने भारत को नया जीवन दे दिया।


एक टिप्पणी भेजें

1 टिप्पणियाँ

  1. महर्षि दयानन्द सरस्वती ने यह ग्रन्थ लिखकर सम्पूर्ण विश्व वांगमय को खोलकर रथ दिया है जो इसलाम अपने को मानवता व प्रेम मुहब्बत का धर्म बताता है चौदहवे समुललास मे खोलकर रख दिया है ईसाई मत की पोल तेरवें समुललास मे किया है तथ बौद्धों, जैनियों की भी पोल पट्टी खोल दिया यह ग्रन्थ भारतीय राष्ट्रवाद हेतु संजीवनी है, तिलक जी कहते है कि इसी ग्रन्थ ने हमें स्वराज्य का पाठ पढ़ाया--!
    यह ग्रन्थ मानवता का सर्व श्रेष्ठ ग्रन्थ है---

    जवाब देंहटाएं